ताजासमाचार

ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने नीमच में निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

न्यूज डेस्क 15 May, 2025 राजनीति

नीमच। भारतीय जनता पार्टी 13 से 23 मई तक देशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन कर रही है। नीमच में यह यात्रा 17 मई को निकाली जाएगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसी तारतम्य में विभिन्न बैठकों का दौर जारी है। आज भाजपा कार्यालय पर बैठक रखी गई जिसमें तिरंगा यात्रा की तैयारीयों को ले कर चर्चा की गई और यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने बताया कि जिले के कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक 'आयोजित की गई है बैठक में केंद्र व प्रदेश से मिले निर्देश के अनुसार पहलगाम में हुए आतंकी हमले और सेना की त्वरित कार्रवाई को लेकर सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकालने को लेकर चर्चा की गई। नीमच में दिनांक 17 मई को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहीद पार्क से शुरू होकर दशहरा मैदान होते हुए भारत माता चौराहे पर समाप्त होगी।

इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ देश की आस्था और संस्कृति की रक्षा भी की। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सेना ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की। यात्रा में सभी धर्म और जाति के लोग शामिल होंगे। रिटायर्ड सैनिकों की भी भागीदारी रहेगी। विधायक परिहार ने इस यात्रा को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए लोगों से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।

Related Post