न्यूज डेस्क
06 February, 2026
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश शासन एवं खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 30 जनवरी 2026 तक सागर (मध्यप्रदेश) में किया गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश की 31 मान्यता प्राप्त जिला जूडो टीमों ने भाग लिया, जिसमें नीमच जिला जूडो टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया।
नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के 16 विभिन्न वजन समूहों में कड़े और रोमांचक मुकाबले खेले गए। उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा के बीच नीमच के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय दिया।
बालिका वर्ग के 48 किलोग्राम वजन समूह में नीमच की प्रतिभाशाली खिलाड़ी वंशीका नागलोथ (पिता श्यामलाल नागलोथ) ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला वंशीका और भोपाल की आंचल के बीच बेहद रोमांचक रहा, जहां वंशीका को मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। वंशीका की इस उपलब्धि से जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है।
इसके अलावा बालक वर्ग में भी नीमच के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 50 किलोग्राम वर्ग में हर्ष कुमावत, 55 किलोग्राम में राकेश नागदा, 60 किलोग्राम में अब्बास, 73 किलोग्राम में दक्ष मांगड़िया, 81 किलोग्राम में जलज बोरीवाल तथा 90 किलोग्राम वर्ग में मंथन डाबले ने क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
वहीं बालिका वर्ग में 40 किलोग्राम में काजल, 44 किलोग्राम में वंदना पाटीदार, 52 किलोग्राम में रिया पाटीदार, 57 किलोग्राम में अलफिया मंसूरी, 63 किलोग्राम में भावना सोलंकी और 70 किलोग्राम वर्ग में रिद्धिमा सैनी ने भी क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय कर जिले का मान बढ़ाया। सभी खिलाड़ी कड़े मुकाबलों में मामूली अंतर से पदक से चूक गए।
नीमच जिला जूडो एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं जिले के खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने भी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।