मनीष नायक
30 January, 2026
अन्य
नीमच। भक्ति, विश्वास और श्रद्धा की डोर से बंधी एक अनुपम पदयात्रा एक बार फिर निकलने जा रही है। सांवलिया सेठ की कृपा पाने और उनके चरणों में शीश नवाने के लिए 4 फरवरी को नीमच से मण्डफिया धाम तक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेठ के अनन्य भक्त और समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर के मार्गदर्शन में निकलेगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भक्ति भाव से कदम बढ़ाएंगे। इस अवसर पर समाजसेवी अशोक अरोरा ने भक्तों से कहा— “जो दृढ़ रखे धर्म को, ताहि राखे कर्ता।”
भजन, भक्ति और भव्य यात्रा
इस भव्य आयोजन को भक्तिमय बनाने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी मधुर आवाज से सांवलिया सेठ के भजनों की प्रस्तुति देंगे। 3 फरवरी की रात्रि को लायंस पार्क चौराहा भजन संध्या का साक्षी बनेगा, जहां भक्त भक्ति में मंत्रमुग्ध होंगे |
इसके पश्चात 4 फरवरी की सुबह 8:30 बजे श्रद्धालुओं का जत्था जयकारों के साथ सांवलिया सेठ के पावन दरबार की ओर प्रस्थान करेगा। पदयात्रा का रात्रि विश्राम निम्बाहेड़ा में होगा, जहां एक बार फिर छोटू सिंह रावणा की मधुर भजन प्रस्तुति भक्तों को सेठ की भक्ति में पूरी तरह डुबो देगी। यह यात्रा केवल मार्ग नहीं, बल्कि मन और आत्मा को प्रभु से जोड़ने का दिव्य संगम बनेगी।
भक्तों की सेवा ही सेठ की सच्ची भक्ति
सांवलिया सेठ के अनन्य भक्त एवं समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा आयोजित इस पावन पदयात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता एवं मेडिकल से जुड़ी सभी आवश्यक व आपातकालीन सुविधाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी भी भक्त को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सेवा, समर्पण और सुरक्षा के भाव के साथ यह पदयात्रा हर भक्त के लिए निश्चिंत और भक्तिमय अनुभव बनने जा रही है।
भक्तों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी
पदयात्रा से जुड़ी सबसे आकर्षक और सुखद बात यह है कि किसी भी प्रकार का रजिस्ट्रेशन आवश्यक नहीं होगा। समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर ने बताया कि कई श्रद्धालु अशिक्षित होने के कारण रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाते थे और सेठ की इस पावन यात्रा से वंचित रह जाते थे। इसी भावना को समझते हुए इस वर्ष रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, ताकि कोई भी भक्त पीछे न रह जाए। अब हर श्रद्धालु बिना किसी बाधा के, पूरे श्रद्धा और विश्वास के साथ सांवलिया सेठ की पदयात्रा में शामिल हो सकेगा।
समाजसेवी अशोक अरोरा की अपील
समाजसेवी अशोक अरोरा ने अधिक से अधिक संख्या में भक्तों से पदयात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए भावपूर्ण शब्दों में कहा— “जो दृढ़ रखे धर्म को,
ताहि राखे कर्ता।” उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और प्रभु से जुड़ने का पवित्र अवसर है। हर भक्त से आग्रह है कि इस दिव्य संगम का हिस्सा बनकर सांवलिया सेठ की कृपा प्राप्त करें।