ताजासमाचार

सफाई पर ताला, सुरक्षा ने छोड़ा मोर्चा, नीमच मेडिकल कॉलेज में वेतन  विस्फोट—78 कर्मचारियों की हड़ताल से हिला सिस्टम

डेस्क न्यूज 29 January, 2026 अन्य

नीमच। वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को हालात तब बेकाबू हो गए, जब दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर आउटसोर्स सफाईकर्मियों और सुरक्षा गार्डों का सब्र टूट गया और उन्होंने काम बंद कर दिया।
कॉलेज परिसर में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था ठप पड़ते ही साफ हो गया कि यह सिर्फ वेतन का मामला नहीं, बल्कि व्यवस्था की लापरवाही का आईना है।

78 कर्मचारी, 12 लाख रुपये और सिर्फ आश्वासन
मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 78 आउटसोर्स कर्मचारियों का करीब 12 लाख रुपये वेतन बकाया है। इनमें बड़ी संख्या में महिला सफाईकर्मी और सुरक्षा गार्ड शामिल हैं, जो रोज़ मेडिकल छात्रों और डॉक्टरों के बीच खड़े रहकर व्यवस्था संभालते हैं, लेकिन बदले में उन्हें मिला है तो सिर्फ तारीख पर तारीख।

हैदराबाद की कंपनी पर सीधा आरोप
आउटसोर्सिंग का जिम्मा हैदराबाद स्थित एजाइल सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के पास है। कंपनी का रतलाम कार्यालय नीमच मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों का प्रबंधन करता है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी लगातार काम ले रही है, लेकिन मजदूरी दबाए बैठी है।
“दो महीने से सिर्फ दिलासा मिल रहा है”

महिला कर्मचारियों का फूटा गुस्सा
महिला सफाई कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों का दर्द अब सड़कों पर उतर आया। उनका साफ कहना है—
“हर बार कहा जाता है कि सैलरी आ जाएगी, लेकिन आज तक एक रुपया नहीं मिला। जब तक पूरा वेतन नहीं मिलेगा, विरोध खत्म नहीं होगा।”

सुपरवाइजर भी वेतन से बाहर
इस पूरे मामले ने तब और गंभीर मोड़ लिया, जब सुपरवाइजर प्रदीप देवड़ा ने खुलासा किया कि उन्हें खुद भी वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि वे केवल कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कर रतलाम ऑफिस भेजते हैं, जबकि मजदूरी का भुगतान कंपनी करती है।

विधायक तक पहुंचा मामला, समाधान का इंतज़ार
सुपरवाइजर के अनुसार इस गंभीर स्थिति की जानकारी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार को भी दे दी गई है। आश्वासन जरूर मिला है, लेकिन कर्मचारियों का कहना साफ है— “अब भरोसा नहीं, पैसा चाहिए।”

वही विरोध की सूचना मिलते ही सीटू के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर एवं सुनील शर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की बात कही।

Related Post