न्यूज डेस्क
28 January, 2026
अन्य
नीमच। सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) की नयागांव सीमेंट फैक्ट्री को पुनः चालू कराने, कर्मियों के नियमितीकरण एवं वर्षों से लंबित बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को “सीसीआई चलाओ–भविष्य बचाओ–न्याय दिलाओ” संघर्ष समिति के नेतृत्व में श्रमिक-कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सीसीआई नयागांव फैक्ट्री वर्ष 2008 से बंद पड़ी है, जिससे यहां कार्यरत रहे सैकड़ों श्रमिकों और कर्मचारियों के सामने रोज़गार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। समिति ने मांग की कि फैक्ट्री को सरकारी क्षेत्र में ही पुनः प्रारंभ करने की शीघ्र कार्रवाई की जाए तथा फैक्ट्री की भूमि व खदान किसी भी परिस्थिति में निजी उद्योगों को न सौंपी जाए।
संघर्ष समिति ने अवगत कराया कि माननीय उच्च न्यायालय, इंदौर की डबल बेंच द्वारा लोडरों के बकाया वेतन भुगतान को लेकर स्पष्ट आदेश दिए जा चुके हैं, बावजूद इसके आज तक भुगतान नहीं हुआ है। वहीं तहसीलदार जावद द्वारा फैक्ट्री भूमि की कुड़की की प्रक्रिया भी लंबित है। समिति ने मांग की कि तत्काल कुड़की की कार्रवाई कराकर श्रमिकों को उनका बकाया वेतन दिलाया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में कार्यरत सुरक्षा गार्ड्स के नियमितीकरण के आदेश सेंट्रल गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल, जबलपुर द्वारा दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हुआ है। संघर्ष समिति ने सुरक्षा गार्ड्स के शीघ्र नियमितीकरण की मांग की।
संघर्ष समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे श्रमिकों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन का वाचन तुलसीराम खारोल ने किया। इस अवसर पर सीटू जिला महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, सीमेंट श्रमिक संघ के निर्भय राम चौहान, संयुक्त मोर्चा के शोभाराम धाकड़ सहित बड़ी संख्या में श्रमिक-कर्मचारी उपस्थित रहे।