ताजासमाचार

नीमच में पद्मश्री हुकुमचंद पाटीदार का दो दिवसीय प्रवास संपन्न, जैविक खेती व स्वदेशी बीज पर दिया जोर

न्यूज डेस्क 28 January, 2026 अन्य

नीमच। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय जैविक प्रमुख एवं भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से अलंकृत हुकुमचंद जी पाटीदार का दो दिवसीय नीमच जिला प्रवास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ जिला नीमच द्वारा विभिन्न संगठनात्मक व ग्राम स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रवास के दौरान मालवा प्रांत संगठन मंत्री अतुल महेश्वरी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं नीमच जिला प्रभारी भंवर सिंह पवार, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य निलेश पाटीदार, संभागीय उपाध्यक्ष राधेश्याम धनगर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अखिल भारतीय योजना के अंतर्गत हुकुमचंद पाटीदार ने जिला स्तरीय बैठक ली। साथ ही ग्राम समिति कनावटी, रेवली-देवली एवं पिपलोन रोड पर लगाए गए स्वागत बोर्डों का अनावरण किया तथा ग्राम समितियों के साथ बैठकों में सहभागिता की। प्रवास के दौरान उन्होंने मां भादवा के दर्शन भी किए।

जिला बैठक को संबोधित करते हुए पाटीदार ने कहा कि वर्तमान समय में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। बीजों पर बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बढ़ते एकाधिकार पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने उदाहरण दिया कि मक्का किसान 15–20 रुपये किलो में बेचता है, जबकि वही मक्का बीज के रूप में 200 रुपये किलो तक बिकता है। वहीं टमाटर का बीज 1 लाख 30 हजार रुपये किलो तक पहुंच गया है।
उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे परंपरागत तरीकों से स्वयं का बीज विकसित करें और लागत घटाने के उपाय अपनाएं।

पाटीदार ने जैविक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सरकार को इसके लिए ठोस नीति बनानी चाहिए और किसानों को आवश्यक संसाधनों पर सब्सिडी प्रदान करनी चाहिए, ताकि खेती लाभ का व्यवसाय बन सके।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री अतुल महेश्वरी ने कहा कि अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में लिए गए सभी निर्णय किसान हित में होते हैं। उन्होंने ग्राम समितियों को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र धाकड़ ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं जिला मंत्री विष्णु प्रसाद नागदा ने बैठक का संचालन किया। बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Post