डेस्क न्यूज
27 January, 2026
अन्य
नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में वसंतोत्सव के अंतिम दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा रहीं। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “सशक्त महिला ही सशक्त भारत की नींव है। महिला सशक्तिकरण के माध्यम से ही महिलाएं आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।” उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को समझने तथा स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् मीना हरित रहीं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज महिलाएं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में समान भागीदार बन चुकी हैं। छात्राओं को पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन करना चाहिए।
समारोह के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं को आगामी परीक्षाओं के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर गंभीरता से अध्ययन करने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में विजेता छात्राओं को प्रदान किए गए पुरस्कार स्वर्गीय निर्मला खण्डेलवाल की स्मृति में प्रतिवर्ष महेश खण्डेलवाल द्वारा प्रदान किए जाते हैं। वहीं प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी जम्बुकुमार जैन द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. कालानी ने दोनों दानदाताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
पुरस्कार वितरण समिति प्रभारी डॉ. आर. के. पेन्सिया ने जानकारी दी कि समारोह में कुल 69 छात्राओं को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो. नेहा इंगले ने किया, जबकि आभार वसंतोत्सव प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने व्यक्त किया।
समारोह छात्राओं में उत्साह, आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार करने वाला सिद्ध हुआ।