ताजासमाचार

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर नीमच में बड़ा कदम, पार्षदों ने भू-माफियाओं के कब्जे से भूमि मुक्त कराने की उठाई मांग

डेस्क न्यूज 27 January, 2026 अन्य

नीमच। नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण और निर्णायक पहल सामने आई है। नगर परिषद के छह निर्वाचित पार्षदों ने परिषद की बहुमूल्य लोकहितकारी भूमि को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर उस पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण की मांग को लेकर नगर परिषद के मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया को ज्ञापन सौंपा। साथ ही शासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ठोस कार्रवाई करने की अपील की गई।

ज्ञापन में पार्षदों ने बताया कि नीमच सिटी रोड पर राठौर पार्क के पीछे स्थित बगीचा/खेत क्रमांक 41, 46, 46-ए एवं 47 नगर परिषद की स्वामित्वाधीन कीमती अचल संपत्ति है। वर्ष 2003 तक इस भूमि पर नगर परिषद के स्वामित्व दर्शाने वाले बोर्ड भी लगे हुए थे। आरोप लगाया गया कि बाद के वर्षों में कथित भू-माफियाओं ने कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि को खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया।

पार्षदों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें और पत्राचार किए गए, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध गतिविधियां लगातार चलती रहीं।

पार्षदों के अनुसार, वर्तमान नगर परिषद ने जनहित में सख्त रुख अपनाते हुए 5 जनवरी 2026 को आयोजित विशेष सम्मेलन में उक्त भूमि को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। उनका कहना है कि यह भूमि योजना के लिए पूर्णतः उपयुक्त है और यहां आवास निर्माण होने से शहर के गरीब, कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।

ज्ञापन के माध्यम से शासन से मांग की गई कि परिषद की इस बहुमूल्य भूमि का तत्काल रिक्त आधिपत्य लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एएचपी घटक में नवीन परियोजना स्वीकृत की जाए, ताकि वर्षों से विवादित रही इस भूमि का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में हो सके।

पार्षदों ने इसे भू-माफियाओं के खिलाफ निर्णायक लड़ाई और गरीबों को पक्का घर देने की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उनका कहना है कि यदि शासन स्तर पर शीघ्र स्वीकृति मिलती है, तो नीमच में सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो सकेगा।

ज्ञापन सौंपते समय पार्षद शशि कल्याणी, योगेश कवीश्वर, आलोक सोनी, अरुण प्रजापत, रूपेंद्र लोक्स एवं गुंजन विष्णु राठौर उपस्थित रहे।

Related Post