डेस्क न्यूज़
27 January, 2026
अन्य
जयपुर। माहेश्वरी समाज जयपुर के गौरव राहुल जी परवाल, पुत्र श्री जयकृष्ण जी परवाल, को सॉफ्टवेयर टेस्टिंग विषय पर स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबर्ग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेस्ट स्पीकर के रूप में प्रतिष्ठित यूरोस्टार 2025 ट्यूटोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर माहेश्वरी समाज द्वारा उनका भव्य सम्मान किया गया।
गौरतलब है कि यह अवार्ड पिछले 30 वर्षों में पहली बार किसी एशियाई स्पीकर को प्रदान किया गया है। राहुल परवाल इस सम्मान को पाने वाले एशिया के एकमात्र वक्ता बन गए हैं, जिससे न केवल समाज बल्कि देश का नाम भी वैश्विक स्तर पर रोशन हुआ है।
समाजजनों ने बताया कि सॉफ्टवेयर टेस्टिंग के क्षेत्र में राहुल परवाल की गहन पकड़, नवाचारपूर्ण प्रस्तुति और व्यावहारिक अनुभव ने अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को विशेष रूप से प्रभावित किया, जिसके चलते उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।
उल्लेखनीय है कि राहुल परवाल, मनासा के मारू परिवार के दामाद हैं। इस उपलब्धि पर मनासा के विधायक माधव मारू ने भी अपने सोशल मीडिया संदेश में परिवार के दामाद को बधाई दी और खुशी जताई। इसके अलावा इस उपलब्धि पर समाज, परिवारजनों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है। सम्मान समारोह के दौरान समाजजनों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।