डेस्क न्यूज़
25 January, 2026
अन्य
नीमच | रतनगढ़ वन विभाग को वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। वन विभाग की टीम ने ऑपरेशन वाइल्ड्स ट्रैप-11 के तहत रात्रि गश्त के दौरान एक शिकारी को दुपहिया वाहन सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मृत खरगोश तथा आग में जलाया जा रहा अधजला सियार बरामद किया गया।
वन परिक्षेत्राधिकारी प्रतापलाल गहलोत से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी 2026 शनिवार को वन मण्डलाधिकारी नीमच एस.के. अटोदे, उप वन मण्डलाधिकारी दशरथ अखण्ड एवं उनके कुशल मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने सब रेंज उमर की बीट डाबड़ा कलां, कक्ष क्रमांक पी-170 में यह कार्रवाई की। टीम ने रात्रि गश्त के दौरान आरोपी उदानाथ पिता जोधानाथ, उम्र 42 वर्ष, निवासी कनकपुरा, तहसील सिंगोली, जिला नीमच को वन्यजीवों का अवैध शिकार करते हुए पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान आरोपी को मृत सियार को आग में जलाते हुए पकड़ा गया। मौके से एक मृत खरगोश, एक अधजला मृत सियार तथा शिकार में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP-44-ME-6782 जब्त की गई। वन विभाग द्वारा आरोपी के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 296/02 दिनांक 24 जनवरी 2026 दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 50, 51 एवं 52 के अंतर्गत अपराध कायम किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी नीमच के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे कनावटी जेल नीमच भेज दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पटवारी एवं गिरदावर नरेश सागर, ग्राम पंचायत उमर के सरपंच मदनलाल धाकड़ तथा पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरती रावत की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार नष्टीकरण किया गया।
वन विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश गया है तथा अवैध शिकार करने वालों में हड़कंप मचा है।