डेस्क न्यूज़
24 January, 2026
अन्य
नीमच। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्रकृति के सौंदर्य और ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की आराधना के साथ वसंत उत्सव एवं हिंदी साहित्य के महान हस्ताक्षर सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ जयंती समारोह रचनाधर्मियों द्वारा उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार यह 21वां आयोजन न्यू इंदिरा नगर स्थित कवयित्री डॉ. प्रेरणा ठाकरे परिहार के निवास पर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदना योगी द्वारा सुमधुर सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात उपस्थित साहित्यकारों को वासंती गुलाल लगाकर रक्षा सूत्र मौली बांधी गई। सभी रचनाकारों ने मां सरस्वती को पुष्प अर्पित कर विधिवत आराधना की। इस अवसर पर साहित्यकारों ने भारतीय संस्कृति में मां सरस्वती के महत्व, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला के जीवन, व्यक्तित्व एवं हिंदी साहित्य में उनके अतुलनीय योगदान पर सारगर्भित विमर्श प्रस्तुत किया।
समारोह के दौरान रचनाकारों ने अपनी मौलिक रचनाओं का काव्यपाठ कर साहित्यिक वातावरण को जीवंत बना दिया। आयोजन की परंपरा के अनुसार इस वर्ष साहित्य सेवा के लिए लेखिका रेणुका व्यास का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य राधेश्याम शर्मा ने किया, जबकि आभार व्यक्त डॉ. प्रेरणा ठाकरे परिहार ने किया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र शक्तावत, डॉ. कमलेश पाटीदार, अख्तर अली शाह, गोपाल चौहान, गुणवंत गोयल, प्रभात मेहता, महक शर्मा, दीक्षा शर्मा, प्रदीप ठाकरे, प्रणव परिहार सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में साहित्य, संस्कृति और सौहार्द का सुंदर समन्वय देखने को मिला।