डेस्क न्यूज़
23 January, 2026
अन्य
नीमच। जिले की मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम दातोली में जहरीला पदार्थ सेवन करने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम प्रकाश पिता कन्हैयालाल बंजार निवासी दातोली के रूप में हुई है |
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेम प्रकाश ने बीते दिन अपने घर पर अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल नीमच लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
निजी अस्पताल में उपचार के दौरान भी उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। शुक्रवार सुबह मृतक के शव को जिला अस्पताल नीमच लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।