डेस्क न्यूज़
23 January, 2026
अन्य
नीमच \ जीरन | जीरन के समीपस्थ गांव अरनिया बोराना में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी भगवान श्री देवनारायण जी का भव्य धार्मिक आयोजन आयोजित किया जाएगा। श्री देव समिति के तत्वावधान में यह आयोजन रविवार 25 जनवरी 2026 (माघ शुक्ल सप्तमी) को संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री देवनारायण देवरा पर देवनारायण, भेरु जी, बजरंग बली एवं माता जी की समस्त मूर्तियों के विधि-विधान से अभिषेक के साथ होगी।
अभिषेक के पश्चात पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्री देवनारायण जी की आकर्षक झांकी की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा डीजे, ढोल-ढमाके और भगवान श्री देवनारायण के जयकारों के साथ गांव के बालाजी मंदिर, शिव मंदिर, होली चौक, श्रीराम मंदिर, प्रमुख चौराहों एवं सभी वार्डों से होते हुए पुनः देवरा स्थल पर पहुंचेगी, जहां महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
इसके पश्चात रात्रि में देवरा परंपरा अनुसार हवन, आरती एवं रात्रि जागरण का आयोजन भी किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उक्त जानकारी देव समिति सदस्य डॉ. शिव नारायण गुर्जर द्वारा दी गई।