ताजासमाचार

तेज रफ्तार बस पलटी खाई, तीन की मौत

इंदौर से राजकोट जा रही बस आधी रात को पलटी खाई

न्यूज डेस्क 12 May, 2025 दुर्घटना

इंदौर से राजकोट जा रही बस आधी रात को पलटी खाई

झाबुआ। मध्यप्रदेश में एक तेज रफ्तार बस पलट गई।  झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र के गाँव पत्थरपाड़ा के पास बीती रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गुजरात निवासी पति-पत्नी सहित सिवनी के युवक की दर्दनाक मौत 

जानकारी अनुसार, बस क्रमांक MP 09 PA 0271 इंदौर से उज्जैन होते हुए अहमदाबाद-राजकोट जा रही थी। ग्राम पत्थरपाड़ा, पुलिस चौकी सारंगी क्षेत्र में अचानक संतुलन बिगड़ने से बस पलट गई। दुर्घटना में जमालपुर अहमदाबाद निवासी मोहम्मद आरिफ पिता अब्दुल रऊफ, उनकी पत्नी फरजाना और अमन पिता वीरेंद्र यादव निवासी सिवनी की मौत हो गई। 

पुलिस व स्थानीय नागरीकों की मदद से राहत कार्य किया गया

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश शर्मा, चौकी प्रभारी दीपक देवरे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से पलटी हुई बस को उठाकर मृतकों को बाहर निकाला गया और शवों को अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से तत्काल पेटलावद अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद बस चालक जितेंद्र पटेल निवासी इंदौर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के मार्गदर्शन और एएसपी प्रेमलाल कर्वे निर्देशन में तेजी से राहत और बचाव कार्य किया गया।

Related Post