डेस्क न्यूज
21 January, 2026
अन्य
नीमच। 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर नीमच में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह शहर के शासकीय क्रमांक-2 स्कूल मैदान में गरिमामय और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व 24 जनवरी को फाइनल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी प्लाटून पूर्ण गणवेश में परेड का अभ्यास करेंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत प्रतिदिन क्रमांक-2 स्कूल मैदान परिसर में परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में कुल 10 प्लाटून भाग लेंगे, जो अनुशासन, एकरूपता और देशभक्ति की भावना का परिचय देंगे। परेड में सीआरपीएफ, वन विभाग, महिला पुलिस बल, पुरुष पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट-गाइड, होमगार्ड, शौर्य दल, रेडक्रास सहित विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के प्लाटून शामिल होंगे।
पूर्वाभ्यास के दौरान परेड कमांडर के निर्देशन में सभी टुकड़ियां कदमताल, सलामी और मार्च पास्ट का अभ्यास कर रही हैं। परेड के समय सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों पर सभी प्लाटून मंच के समक्ष से गुजरते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव का संदेश देंगे। बैंड की जोशीली और मधुर धुनों से पूरे मैदान परिसर में देशभक्ति का वातावरण बन रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तैयारियों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह सुव्यवस्थित, अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। परेड में शामिल जवानों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं नगरवासियों में भी 26 जनवरी को होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
गणतंत्र दिवस समारोह के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति आस्था का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।