डेस्क न्यूज
20 January, 2026
अन्य
नीमच। ग्राम कनावटी के ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सभी खिलाड़ियों के लिए खेलकूद मैदान उपलब्ध कराने और शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि नीमच शहर के नजदीक स्थित ग्राम कनावटी की आबादी लगातार बढ़ रही है और वर्तमान में यह 5 हजार से अधिक हो चुकी है। गांव में शासकीय और निजी मिलाकर 4 से 5 स्कूल संचालित हैं, लेकिन बच्चों और युवाओं के लिए खेल अभ्यास और प्रतिभा प्रदर्शन हेतु कोई स्थायी खेल मैदान उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व में गांव में कई क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित हुए हैं और गांव की 3 से 4 क्रिकेट टीमें बाहर के टूर्नामेंट भी जीत चुकी हैं। हालांकि, जिन स्थानों पर पहले टूर्नामेंट होते थे और जहां खिलाड़ी नियमित अभ्यास करते थे, वहां धीरे-धीरे अतिक्रमण के कारण मैदान समाप्त हो गए। अब खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए 5 से 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ग्राम में दो पुराने खेल मैदान शासकीय भूमि पर स्थित हैं, जिनका उपयोग अतिक्रमण के कारण बंद हो गया है। खेल मैदान नंबर एक सर्वे 5-666/1 मानदाव की शासकीय भूमि पर स्थित है, जिसकी सीमाएं पूर्व में कर्मचारी कॉलोनी और जिला जेल परिसर, पश्चिम में आम रास्ता, उत्तर में आम रास्ता और कर्मचारी कॉलोनी का पश्चिमी कोना तथा दक्षिण में गोशाला की भूमि से लगती हैं। यह मैदान लगभग 10 से 12 बीघा क्षेत्र में फैला है और क्रिकेट जैसे खेलों के लिए पर्याप्त है।
खेल मैदान नंबर दो के आसपास भी अतिक्रमण बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन द्वारा खेलकूद को प्रोत्साहित करने का हवाला देते हुए दोनों मैदानों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें पुनः खेल मैदान के रूप में विकसित करने की मांग की है।