ताजासमाचार

50 साल पुरानी जमीन पर कब्जे की कोशिश, जनसुनवाई में पहुंचा मामला

डेस्क न्यूज 20 January, 2026 अन्य

नीमच। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम साल्याखेड़ी, तहसील रामपुरा के पीड़ित आवेदकों ने अपनी कृषि भूमि में बार-बार अवैध हस्तक्षेप किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपा। पीड़ितों ने बताया कि संबंधित भूमि पर उनका पिछले लगभग 50 वर्षों से विधिवत कब्जा चला आ रहा है। भूमि पर उन्होंने बाड़ा बनाकर गाय-भैंस बांध रखी हैं और नियमित रूप से उपयोग व उपभोग करते आ रहे हैं। साथ ही समय-समय पर संबंधित अर्थदंड भी विधिवत जमा कराया जाता रहा है।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि विपक्षी कैलाश पिता कारूलाल एवं लालू पिता रामलाल द्वारा राजस्व निरीक्षक और मौजा पटवारी से मिलीभगत कर बार-बार सिमांकन कराया जा रहा है। पीड़ितों का कहना है कि फर्जी पट्टे के आधार पर उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे लगातार मानसिक रूप से परेशान हैं।
पीड़ितों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी भूमि और विपक्षियों की भूमि के बीच एक सार्वजनिक आम रास्ता मौजूद है, जिसका ग्रामीणों द्वारा नियमित उपयोग किया जाता है। इसके बावजूद विपक्षीगण जानबूझकर विवाद उत्पन्न कर दबाव बनाने और जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पीड़ितों ने कलेक्टर से मांग की है कि विपक्षीगण के साथ-साथ मिलीभगत के आरोपी मौजा पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध भी न्यायोचित और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Post