ताजासमाचार

राष्ट्रीय शालेय जूडो प्रतियोगिता के लिए नीमच की काजल सालवी का मध्यप्रदेश टीम में चयन

डेस्क न्यूज 19 January, 2026 अन्य

नीमच। 69वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत राष्ट्रीय शालेय जूडो प्रतियोगिता (19 वर्ष बालक/बालिका वर्ग) का आयोजन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 30 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की चयनित टीमें भाग लेंगी, जिसमें मध्यप्रदेश जूडो टीम भी शामिल होगी।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नीमच जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी काजल सालवी का मध्यप्रदेश जूडो टीम में चयन हुआ है। काजल सालवी, पिता मनोज सालवी, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच की छात्रा हैं। उन्होंने नोडल खेल विद्यालय शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 नीमच में मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत के मार्गदर्शन में जूडो का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

काजल सालवी का चयन राज्य स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। यह प्रतियोगिता 7 से 11 नवंबर 2025 तक नीमच में आयोजित की गई थी, जिसमें काजल ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया था। इसी शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत मध्यप्रदेश जूडो टीम का प्री-नेशनल कोचिंग कैंप 23 से 27 जनवरी 2026 तक इंदौर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें काजल सालवी भी भाग लेंगी। इस प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तकनीकी एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इसी क्रम में लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा नोडल खेल विद्यालय शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 नीमच के व्यायाम शिक्षक भरत सिंह कुमावत को पुनः मध्यप्रदेश जूडो टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके अनुभव, अनुशासन और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक तैयार करने की क्षमता को दर्शाती है। पूर्व में भी उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

काजल सालवी के चयन एवं भरत सिंह कुमावत की नियुक्ति पर जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगरिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय, प्राचार्य ओ.पी. बंसल, अनील व्यास, विद्यालय स्टाफ, विभिन्न व्यायाम शिक्षक, परिजन एवं इष्ट मित्रों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। नीमच जिले के लिए यह उपलब्धि खेल क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ती है।

Related Post