द वॉचमेन पोस्ट
19 January, 2026
अन्य
नीमच। नगरपालिका परिषद नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति चौपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में जिला फुटबॉल संघ के सहयोग से 15 से 26 जनवरी तक गणतंत्र दिवस फुटबॉल स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को राजेन्द्र प्रसाद स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबले दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहे, जिनमें यंग स्टार फुटबॉल क्लब और ग्वालटोली टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
दिन का पहला मुकाबला स्पोर्ट्स क्लब और यंग स्टार फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। मैच के शुरुआती क्षणों से ही यंग स्टार के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया और खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा। मोइनुद्दीन और मोइन खान द्वारा किए गए एक-एक गोल की बदौलत यंग स्टार फुटबॉल क्लब ने 2-0 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने भी कई प्रयास किए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी।
दूसरे मुकाबले में ग्वालटोली और राज फुटबॉल क्लब आमने-सामने थे। इस मैच में ग्वालटोली की टीम ने बेहतर तालमेल, अनुशासन और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। कार्तिक पटेल और संजय घेघट के गोलों की सहायता से ग्वालटोली ने भी 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया और अगले दौर में प्रवेश किया। राज फुटबॉल क्लब को अवसर मिले, लेकिन वे उनका लाभ नहीं उठा सके।
डीएफए पदाधिकारी सत्तार खान और शंकर रामवाणी ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को आयोजित मैचों में पूर्व सैनिक परिषद से चतर सिंह गहलोत, आर.सी. बोरीवाल और कमलेश नलवाया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक समय नीमच की पहचान देशभर में फुटबॉल नगरी के रूप में थी, जिसे पुनः स्थापित करने के लिए खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ खेलना होगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रमोद शर्मा एवं राजेश पप्पू मंगल ने किया। मैचों में निर्णायक की भूमिका में राजू वोरा, मोहम्मद रईस, राकेश अहीर, सत्तार भाई, रफीक हाशमी, अब्दुल हमीद, विजेंद्र बेंस और पृथ्वी सिंह ने सेवाएं दीं। इस अवसर पर वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।