ताजासमाचार

26 जनवरी के भव्य आयोजन को लेकर एसडीएम संजीव साहू ने समारोह स्थल का किया निरीक्षण

डेस्क न्यूज़ 18 January, 2026 अन्य

नीमच। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संजीव साहू ने जिला मुख्यालय स्थित शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 के मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि इसी मैदान पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। एसडीएम संजीव साहू ने मंच, परेड ग्राउंड, बैठक व्यवस्था, ध्वज फहराने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, साफ-सफाई एवं यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य रिहर्सल 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी, जिसमें परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य प्रस्तुतियों का अभ्यास किया जाएगा। 26 जनवरी को निर्धारित समय पर कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें शासन द्वारा नियुक्त मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करेंगी। इसके साथ ही प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार शासकीय सम्मान, आकर्षक झांकियां एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

निरीक्षण के अवसर पर नायब तहसीलदार संजय मालवीय, नगर पालिका की मुख्य अधिकारी दुर्गा बामनिया, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया सहित नगर पालिका, शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post