ताजासमाचार

मनासा में अलर्ट ! घर-घर सर्वे शुरू, अस्पताल सतर्क, कलेक्टर के निर्देश पर एयर एंबुलेंस की तैयारी

डेस्क न्यूज़ 18 January, 2026 अन्य

नीमच | कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार शाम को उपखंड मनासा एवं जिला चिकित्सालय नीमच में जीबीएस संदिग्ध रोगियों तथा सामान्य सर्दी-खांसी-बुखार के मरीजों की जांच, उपचार एवं रोग नियंत्रण को लेकर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्र मनासा में सर्वे कर रही सभी 15 टीमों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए सर्वे टीम के सदस्यों से परिवारों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रथम राउंड का सर्वे पूर्ण हो चुका है तथा लाइन लिस्टिंग की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। कलेक्टर ने घर-घर स्क्रीनिंग एवं सर्वे का दूसरा राउंड 18 जनवरी 2026 से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए आम नागरिकों को जीबीएस से संबंधित क्या करें और क्या न करें की जानकारी देते हुए कहा कि सभी लोग पानी उबालकर पीएं, नियमित रूप से हाथ धोएं, ताजा एवं ढका हुआ भोजन करें तथा उपचार की अवधि पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुला पानी न पिएं, अशुद्ध या अधपका भोजन न करें, खाने-पीने की सामग्री ढककर रखें, पेयजल स्रोतों के आसपास गंदगी न फैलाएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के किसी भी दवा का सेवन न करें। इस संबंध में जनजागरूकता के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक भवनों में स्थित पेयजल टंकियों एवं जल स्रोतों की पुनः क्लोरीनेशन एवं साफ-सफाई कराने के निर्देश जिला पंचायत सीईओ एवं सभी सीएमओ को दिए। साथ ही सभी वाल्व चेंबरों की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य करने के भी निर्देश दिए गए। जिला चिकित्सालय में सभी चिकित्सकों एवं स्टाफ को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि यथासंभव मरीजों का पर्याप्त, नि:शुल्क एवं त्वरित उपचार जिला चिकित्सालय में ही सुनिश्चित किया जाए तथा विशेष परिस्थितियों में ही मरीजों को अन्यत्र रेफर किया जाए।
कलेक्टर ने निजी अस्पतालों से पिछले सात दिनों में उपचार के लिए आए मरीजों की जानकारी लेकर उनका फॉलोअप करने एवं यथासंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए। आयुष विभाग को भी स्थानीय स्तर पर सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में मनासा निवासी भर्ती दो मरीजों की उपचार व्यवस्था का जायजा लेते हुए उनके परिजनों एवं चिकित्सकों से चर्चा की और दोनों मरीजों के स्वास्थ्य में हो रहे सुधार की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि इन दोनों मरीजों में जीबीएस के लक्षण नहीं पाए गए हैं तथा उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।
इसके साथ ही कलेक्टर ने विशेष आपातकालीन चिकित्सीय परिस्थितियों के लिए जिले में एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की तैयारी रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने हाल ही में डिस्चार्ज हुए बच्चों के लिए पोस्ट-डिस्चार्ज केयर के अंतर्गत फिजियोथैरेपिस्ट की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जिंक एवं ओआरएस के वितरण के निर्देश भी दिए।

Related Post