ताजासमाचार

पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए अनुकरणीय उदाहरण-- डॉ विपिन माथुर | डॉक्टरों की नीमच से उदयपुर साइकिल यात्रा संपन्न

डेस्क न्यूज़ 16 January, 2026 अन्य

नीमच | बढ़ते वायु एवं ध्वनि प्रदूषण का सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, ऐसे में इसे कम करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को साइकिल जैसे पर्यावरण-अनुकूल साधनों को अपनाना चाहिए। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि स्वयं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में हर व्यक्ति को स्वयं को स्वस्थ और प्रसन्न रखने के लिए नियमित रूप से शारीरिक व्यायाम, योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक अभ्यास अपनाने की आवश्यकता है। यह विचार आरएनटी शासकीय मेडिकल कॉलेज उदयपुर के प्राचार्य डॉ. विपिन माथुर ने व्यक्त किए। उन्होंने आईएमए नीमच के चिकित्सकों की नीमच से उदयपुर साइकिल यात्रा को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

उल्लेखनीय है कि आईएमए नीमच के छह चिकित्सक अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. प्रकाश पटेल, डॉ. दीपक पाटीदार एवं डॉ. अर्णव चंदेल ने नीमच से उदयपुर तक साइकिल यात्रा कर आमजन को स्वच्छ पर्यावरण, कम प्रदूषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अनुकरणीय पहल की राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आईएमए इकाइयों ने सराहना की। आईएमए उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता सहित डॉ. नवीन गोयल और डॉ. अमित खण्डेलवाल ने चिकित्सकों को बधाई दी।

यात्रा पूर्ण कर चिकित्सकों के नीमच लौटने पर आईएमए परिवार द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर आईएमए नीमच अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने कहा कि साइकिल रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया तथा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। वहीं आईएमए नीमच सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने बताया कि जनजागरूकता के उद्देश्य से शीघ्र ही नीमच से चित्तौड़गढ़ तक एक और साइकिल यात्रा आयोजित की जाएगी।

Related Post