ताजासमाचार

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना बनी गर्भवती महिलाओं का संबल, नीमच जिले की 51 हजार से अधिक माताओं को मिला लाभ

डेस्क न्यूज़ 14 January, 2026 अन्य

नीमच। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा साबित हो रही है। योजना के तहत गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित प्रसव के लिए दी जा रही आर्थिक सहायता से जरूरतमंद महिलाओं को बड़ा लाभ मिल रहा है। इस योजना के अंतर्गत पहले जीवित प्रसव पर पात्र महिलाओं को 5 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है, जिससे पोषण आहार, दवाइयों और आवश्यक स्वास्थ्य जांच का खर्च आसानी से पूरा हो रहा है।

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को और गति मिली है। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्थानीय प्रशासन के आपसी समन्वय से लाभार्थियों तक योजना का लाभ तेजी से पहुंचाया जा रहा है। नीमच जिले में इस योजना का सकारात्मक असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिले में अब तक 51 हजार 397 महिलाओं को योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा आशा-उषा कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों से गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जा रहा है। योजना के चलते मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, बेहतर पोषण स्तर और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिल रहा है। लाभान्वित महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस योजना को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल बता रही हैं।

नीमच की महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना वर्ष 2017 से संचालित है। इसके अंतर्गत प्रथम प्रसव पर महिलाओं को 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है, वहीं द्वितीय प्रसव पर यदि बालिका का जन्म होता है तो एकमुश्त 6 हजार रुपये की राशि का प्रावधान है। इस योजना से जिले की महिलाएं अपनी गर्भावस्था के दौरान पोषण संबंधी आवश्यकताओं और स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान में आर्थिक सहयोग प्राप्त कर रही हैं।

जावद तहसील के ग्राम सकतपुरिया निवासी पूजा बंजारा ने बताया कि उन्हें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। गर्भावस्था के दौरान तीन माह के टीकाकरण के बाद उन्हें 3 हजार रुपये तथा बाद में 2 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्हें काफी लाभ हुआ। पूजा ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

Related Post