ताजासमाचार

स्वामी विवेकानंद जयंती पर “रन फॉर स्वदेशी”, युवाओं ने भरी आत्मनिर्भर भारत की हुंकार

डेस्क न्यूज़ 12 January, 2026 अन्य

नीमच | स्वामी विवेकानंद जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सोमवार को स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में जिलेभर में “रन फॉर स्वदेशी” कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।

स्वदेशी जागरण मंच एवं शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि देश में निर्मित उत्पादों को अपनाकर ही भारत को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करते हुए युवाओं से स्वावलंबी बनने और राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया गया।

शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने स्वदेशी के समर्थन में दौड़ लगाकर “वोकल फॉर लोकल” और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

नीमच में यह कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर देशभक्ति और स्वदेशी भावना का जीवंत प्रदर्शन किया। पूरे परिसर में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरक विचारों से जुड़ने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और स्वदेशी को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। यह आयोजन युवाओं के लिए चेतना, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बनकर सामने आया।

Related Post