ताजासमाचार

स्वामी विवेकानंद जयंती पर जिलेभर में सामूहिक सूर्य नमस्कार, हजारों विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

डेस्क न्यूज़ 12 January, 2026 अन्य

नीमच | प्रदेश के साथ-साथ पूरे नीमच जिले में स्वामी विवेकानंद जी का जन्मदिवस ‘युवा दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोमवार को जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षक-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों तथा हजारों छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
युवा दिवस के उपलक्ष्य में 12 जनवरी 2025 को जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट (सांदीपनि विद्यालय) परिसर में किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रातः 9.30 बजे आकाशवाणी केंद्र के माध्यम से किया गया। राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के पश्चात स्वामी विवेकानंद जी की प्रेरक वाणी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण हुआ, जिसके बाद सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय एवं जिला योग प्रशिक्षक शबनम खान के नेतृत्व में प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, योग एवं प्राणायाम कराया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

योग और प्राणायाम से स्वस्थ जीवन का संदेश
भोपाल से रेडियो प्रसारण के साथ सभी प्रतिभागियों ने कतारबद्ध होकर सूर्य नमस्कार की 12 अवस्थाओं—प्रार्थना मुद्रा, हस्तउत्थानासन, पादहस्तासन, अश्वसंचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन सहित अन्य आसनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम कर मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।

प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में एसडीएम संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया, डीपीसी दिलीप व्यास, पार्षदगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी गई।
युवा दिवस पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग और अनुशासन के माध्यम से ही सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर युवा शक्ति का निर्माण संभव है।

Related Post