ताजासमाचार

प्री-वेडिंग शूट के नाम पर बुलाया, फिर सरेआम पिटाई! इंस्टाग्राम जाल में फंसा युवक, नीमच में फोटोग्राफरों का थाने पर प्रदर्शन

डेस्क न्यूज 10 January, 2026 अपराध

नीमच | नीमच में सोशल मीडिया के ज़रिए बुलाकर मारपीट और तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्री-वेडिंग शूटिंग के बहाने पिपलिया मंडी निवासी एक युवक को नीमच बुलाया गया और यहां 10 से 15 लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, वहीं उसकी ऑल्टो कार के कांच भी फोड़ दिए गए।
घटना से आक्रोशित होकर जिले के फोटोग्राफर लामबंद होकर सिटी थाना पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
इंस्टाग्राम से संपर्क, फोन-पे से जीता भरोसा
पीड़ित युवक गौरव पाटीदार के अनुसार, उससे इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया गया। प्री-वेडिंग शूट का झांसा देकर नीमच बुलाया गया और भरोसा जताने के लिए फोन-पे के जरिए 500 रुपए भी ट्रांसफर किए गए। इसी भरोसे के चलते वह नीमच पहुंचा।
नीमच पहुंचते ही हमला
नीमच पहुंचते ही गौरव पाटीदार पर तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे हमलावरों ने घेरकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 15 लोगों ने एक साथ मारपीट की और इसी दौरान उसकी ऑल्टो कार को भी निशाना बनाते हुए कांच तोड़ दिए गए।
थाने पहुंचा मामला, फोटोग्राफरों में आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही फोटोग्राफर समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में फोटोग्राफर सिटी थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने फरियादी गौरव पाटीदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया के माध्यम से बुलाकर की गई इस वारदात ने एक बार फिर डिजिटल ठगी और साजिशन हमलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post