ताजासमाचार

नीमच में यातायात नियमों का सख्त संदेश : पुलिस-एनसीसी टीम ने आम जनता को किया जागरूक

डेस्क न्यूज़ 10 January, 2026 अन्य

नीमच | नए वर्ष के अवसर पर सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क पर सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना है।
इस क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अति. पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात पुलिस सक्रिय रही। अभियान में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक संगीता चौहान, प्रधान आरक्षक नाहर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रताप पटेल, आरक्षक गोपाल मालवीय, आरक्षक मोहित नूर और होमगार्ड सैनिक दीपक आचार्य ने भाग लिया।
10 जनवरी 2026 को अभियान के तहत 5 मध्य प्रदेश एनसीसी बटालियन, मंदसौर से आए 50 एनसीसी कैडेट्स को थाने पर सेमिनार के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इसके बाद इन्हें कमल चौक ले जाकर, जो शहर का मुख्य और सबसे व्यस्त चौराहा है, आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एनसीसी कैडेट्स और यातायात पुलिस ने मिलकर वाहन चालकों को सीट बेल्ट और हेलमेट पहनने, वाहन की गति नियंत्रित रखने और नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले, स्टंटबाजी करने वाले, फटाका फोड़ने वाले, हुड़दंग करने वाले, नाबालिक वाहन चालक और तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की नियमित जाँच ब्रिथ एनालाइजर मशीनों से की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
इस अभियान के तहत प्रतिदिन सोशल मीडिया पर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से डिजिटल बैनर और फ्लैग्स तैयार किए गए, साथ ही इन्हें शहर के प्रमुख स्थलों, ऑटो, बस और अन्य वाहनों पर चस्पा किया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिक यातायात नियमों के प्रति सचेत हों।
पुलिस की अपील: शराब पीकर वाहन न चलाएँ, नवयुवक स्टंटबाजी न करे, माता-पिता अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, अपने चार पहिया वाहन पर काली फिल्म न लगाएँ, अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
नीमच पुलिस का संदेश: सड़क सुरक्षा जीवन की रक्षा है, नियमों का पालन करें और सुरक्षित सड़क यात्रा को प्राथमिकता दें।

Related Post