डेस्क न्यूज़
10 January, 2026
अन्य
नीमच | भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध मध्य प्रदेश विद्युत सेवानिवृत्ति कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय बैठक गोमाबाई रोड स्थित बिजली कर्मचारी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शंभुप्रसाद शर्मा ने की। नववर्ष के अवसर पर आयोजित बैठक में उपस्थित सभी पेंशनर साथियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और संगठनात्मक एकता व आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों को लेकर संघ लगातार संघर्ष करता रहा है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
बैठक में विशेष रूप से कॉम्यूटेशन राशि में की जा रही कटौती समाप्त करने, 27 एवं 32 माह के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने, मध्य प्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49(6) को विलोपित करने तथा केंद्र सरकार के अनुरूप समान तिथि से महंगाई राहत (डीआर) प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इन प्रस्तावों को प्रादेशिक पदाधिकारियों को भेजने पर भी सर्वसम्मति बनी।
बैठक का संचालन राजमल व्यास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश शर्मा द्वारा किया गया। अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।