डेस्क न्यूज़
10 January, 2026
अन्य
नीमच | स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस के अवसर पर कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में यूथ रेडक्रॉस इकाई के तत्वावधान में सेवा सप्ताह का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक दायित्वबोध को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विविध जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन और विचारों पर आधारित संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाषण प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी जीवन, उनके ओजस्वी विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार हुआ।
इसी क्रम में ‘स्वच्छ राष्ट्र–स्वस्थ समाज’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता संदेशों पर आधारित पोस्टर एवं रंगोली बनाकर स्वच्छता के महत्व और स्वस्थ समाज की अवधारणा को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
साथ ही ‘स्वस्थ युवा–स्वस्थ भारत’ और ‘नशामुक्त समाज’ के उद्देश्य से नशा मुक्ति अभियान के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इन सभी कार्यक्रमों में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात करने, चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया।
सेवा सप्ताह का सफल संचालन यूथ रेडक्रॉस इकाई की संयोजक डॉ. हिना हरित द्वारा किया गया। कार्यक्रमों में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और समाजोपयोगी सिद्ध हुए।