ताजासमाचार

शहादत को सलाम : देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि, सीआरपीएफ नीमच ने निभाया कर्तव्य 

डेस्क न्यूज 08 January, 2026 अन्य

नीमच | देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इन्हीं वीर बलिदानियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने की दिशा में ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच द्वारा एक सराहनीय, संवेदनशील और प्रेरणादायी पहल की गई।

सीआरपीएफ नीमच ने झारखंड में माओवादियों से लोहा लेते हुए वर्ष 2013 में शहीद हुए अपने दो अमर जवानों की पुण्यतिथि पर उनके गृह ग्राम पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रतलाम जिले के ग्राम घटला निवासी सीआरपीएफ 112 बटालियन के सिपाही चम्पा लाल मालवीय तथा राजगढ़ जिले के ग्राम सैदाबाद निवासी सीआरपीएफ 133 बटालियन के सिपाही अम्बा राम मालवीय की वीर शहादत को भावपूर्ण स्मरण किया गया। दोनों जवानों ने आज ही के दिन कर्तव्य पथ पर चलते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे।

ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच के डीआईजी सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक कमांडेंट दुष्यंत गोस्वामी एवं निरीक्षक राम बाबू ने किया। सीआरपीएफ की टीम शहीदों के गृह निवास पर पहुंची, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं शहीदों के परिजनों की उपस्थिति में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ नीमच ने शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए यह आश्वासन दिया कि वे सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। बल की ओर से यह भरोसा भी दिलाया गया कि शहीद परिवारों के प्रत्येक सुख-दुख में सीआरपीएफ सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहायता व सहयोग प्रदान करती रहेगी।

इस अवसर पर यह भावपूर्ण संदेश भी दिया गया कि शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान, अपनत्व और कृतज्ञता का भाव प्रकट करना ही सच्चे अर्थों में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। सीआरपीएफ नीमच की यह पहल न केवल शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यबोध की भावना को भी सशक्त रूप से प्रोत्साहित करती है।

Related Post