ताजासमाचार

नयागांव में शासकीय भूमि पर दुकानों के निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने किसान नेता राजकुमार अहीर के नेतृत्व में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 06 January, 2026 अन्य

नीमच | नगर परिषद् नयागांव के वार्ड क्रमांक 09 में सामुदायिक भवन के लिए आवंटित शासकीय भूमि पर दुकानों के निर्माण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर वार्ड के ग्रामीणों और नगरवासियों ने किसान नेता राजकुमार अहीर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दुकानों का निर्माण तत्काल रुकवाने और निर्धारित उद्देश्य के अनुसार सामुदायिक भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन पर कलेक्टर की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि नगर की मरघट/श्मशान भूमि सर्वे नंबर 1566, रकबा 1.298 हेक्टेयर, को पूर्व में परिवर्तित कर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आवंटित किया गया था। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए यहां सामुदायिक भवन बनाया जाना था, लेकिन आरोप है कि नगर परिषद् नयागांव द्वारा निर्धारित उद्देश्य के विपरीत उक्त भूमि पर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रजापत, माली, जयसवाल, मीणा सहित आसपास के मोहल्लों में आज तक कोई भी सामुदायिक भवन उपलब्ध नहीं है। विवाह, सामाजिक एवं अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन भी किया जा चुका है, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया।

इस दौरान कांग्रेस नेता राजकुमार अहीर ने आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे व्यावसायिक उपयोग में लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कुछ लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने जावद विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते दुकानों का निर्माण नहीं रोका गया और सामुदायिक भवन का निर्माण शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमविरुद्ध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि आमजन को उसका सीधा लाभ मिल सके।

Related Post