डेस्क न्यूज
06 January, 2026
अन्य
नीमच | चित्तौड़गढ़ पुलिस ने साढ़े तीन किलो अवैध अफीम तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वर्षों से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश मांगूसिंह सोधिया राजपूत को नीमच गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नीमच जिले के सेमली मेवाड़ क्षेत्र का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
चित्तौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। दरअसल 23 जून 2021 को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक होंडा अमेज कार से साढ़े तीन किलो अवैध अफीम जब्त कर पंजाब निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया था कि यह अफीम उन्होंने नीमच जिले के सेमली मेवाड़ निवासी मांगूसिंह पुत्र रतन सिंह सोधिया राजपूत से खरीदी थी।
इसके बाद से ही मांगूसिंह फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी राम सुमेर मीणा के निर्देश पर जिला विशेष टीम ने आरोपी को डिटेन कर कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना में पेश किया।
जांच में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मांगूसिंह के खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ एवं हरियाणा में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।