ताजासमाचार

इंदौर की मौतों से हिला नीमच! दूषित पानी के डर से नगरपालिका एक्शन मोड में

न्यूज डेस्क 03 January, 2026 राजनीति

नीमच।  इंदौर में दूषित पेयजल से 15 लोगों की मौत के बाद अब नीमच प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। कहीं नीमच में दूषित पेयजल घटना न दोहराई जाए—इस डर ने नगर पालिका को एक्शन मोड में ला दिया है।
शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और जलकल श्रीमती छाया जायसवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के साथ शहर के प्रमुख हिंगोरिया फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ संदेश दिया गया—पानी में जरा-सी भी गड़बड़ी, तो सीधी कार्रवाई।

फिल्टर प्लांट से सप्लाई होने वाले पानी की मौके पर ही टेस्टिंग कराई गई। लैब रिपोर्ट खंगाली गई और जलकल अमले से लेकर पेयजल वितरण करने वाली निजी एजेंसी के सुपरवाइजर तक को चेताया गया कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने दो टूक कहा कि पेयजल केवल सुविधा नहीं, बल्कि जनता की जिंदगी का सवाल है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर किसी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई तय है।

सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि हिंगोरिया फिल्टर प्लांट में साफ-सफाई, नियमित लैब परीक्षण और गुणवत्ता जांच के बाद ही पानी वितरण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर की सभी पानी की टंकियों की सफाई युद्धस्तर पर जारी है। वाल्वमैनों को भी साफ निर्देश हैं कि पाइपलाइन में जरा-सी लीकेज मिलने पर पहले सुधार हो, फिर सप्लाई।
निरीक्षण के दौरान जलकल विभाग के केमिस्ट, वरिष्ठ लिपिक और संबंधित एजेंसी के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का साफ कहना है कि इंदौर की घटना से सबक लिया गया है, और नीमच में किसी भी हाल में दूषित पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंचने दिया जाएगा।

Related Post