ताजासमाचार

नए साल में नीमच का खेल महाकुंभ ! स्व. कश्मीरी लालजी अरोरा की स्मृति में बैडमिंटन और अंतरराष्ट्रीय शतरंज से रचेगा इतिहास

डेस्क न्यूज 03 January, 2026 अन्य

नीमच | नए साल 2026 की शुरुआत नीमच के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रही है। स्वर्गीय कश्मीरी लालजी अरोरा की पुण्य स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन एवं अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं के माध्यम से नीमच एक बार फिर प्रदेश और देश के खेल मानचित्र पर प्रमुखता से उभरने जा रहा है। 5 से 9 जनवरी तक आयोजित होने वाली इस भव्य खेल श्रृंखला को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

नीमच जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में स्व. कश्मीरी लालजी अरोरा स्मृति राज्य स्तरीय सीनियर स्टेट रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ 5 जनवरी को प्रातः 9 बजे लायंस डेन एवं टाउन हॉल में होगा। एसोसिएशन अध्यक्ष अरूल अरोरा और सचिव दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के शीर्ष महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। अब तक 200 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतियोगिता में एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के चीफ रेफरी राष्ट्रीय स्तर के रेफरी ब्रजेश गौड़ (भुसावल, महाराष्ट्र) होंगे, जबकि प्रोग्रामर शिशिर खरे के साथ 9 सदस्यीय अनुभवी अंपायर टीम मुकाबलों का संचालन करेगी।

अरूल अरोरा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नीमच जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करना और उन्हें उच्च स्तरीय खेल की बारीकियों से परिचित कराना है। उन्होंने जिले के सभी खेलप्रेमियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

इसी क्रम में नीमच पहली बार अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) से मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। यह ऐतिहासिक टूर्नामेंट 8 और 9 जनवरी को लायंस डेन में आयोजित होगा। जिला शतरंज संघ नीमच के अध्यक्ष विजय रत्न गर्ग, उपाध्यक्ष नितिन साहू, ऑर्गेनाइजिंग कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र सोनी एवं उपाध्यक्ष संतोष कोटवानी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 300 खिलाड़ी भाग लेंगे। टूर्नामेंट में कुल 9 राउंड खेले जाएंगे तथा विजेताओं को एक लाख इक्यावन हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही बेस्ट एमपी एवं बेस्ट नीमच खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

समाजसेवी अशोक अरोरा ने कहा कि शतरंज एक बौद्धिक खेल है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उनके पिता स्व. कश्मीरी लालजी अरोरा की स्मृति में किया जा रहा है और भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। साथ ही 5 जनवरी से प्रारंभ होने वाली बैडमिंटन प्रतियोगिता की परंपरा वर्षों से कायम है।

लायंस क्लब अध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि अशोक अरोरा द्वारा अपने पिता की स्मृति में लगातार खेल गतिविधियों का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। इस वर्ष बैडमिंटन के साथ पहली बार अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन नीमच के लिए गर्व की बात है। शतरंज दिमाग का खेल है, जिससे बच्चों में एकाग्रता और निर्णय क्षमता का विकास होता है। ऐसे आयोजन नीमच और जिले के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।

तैयारियों का जायजा लेने के दौरान दीपक श्रीवास्तव, दीपक भंडारी, पिंकू नागोरी, नरेंद्र सोनी, नितिन साहू, संतोष कोटवानी, आशीष भंडारी, संजय पवार सहित अनेक पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Related Post