न्यूज डेस्क
01 January, 2026
अपराध
नीमच l जिले में वर्ष 2025 के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवल सिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक नीमच, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद एवं मनासा के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त थाना और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में प्रभावी पुलिसिंग का परिणाम सामने आया है।
सामुदायिक पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और सख्त निगरानी के चलते पूरे वर्ष जिले में न केवल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रहा, बल्कि कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई बड़ी घटना भी घटित नहीं हुई। अपराधियों में पुलिस का भय और आम जनता में विश्वास स्पष्ट रूप से बढ़ा है।
अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट
वर्ष 2025 में नीमच जिले में भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दर्ज अपराधों में वर्ष 2023 की तुलना में 12 प्रतिशत और वर्ष 2024 की तुलना में 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। हत्या, संपत्ति संबंधी अपराध, महिलाओं के विरुद्ध बलात्कार, छेड़छाड़ और बलवा जैसी गंभीर घटनाओं में भी गिरावट आई है।
लूट, चोरी, वाहन चोरी और नकबजनी के मामलों में 65 प्रतिशत प्रकरणों में आरोपियों की पतारसी कर उतनी ही मात्रा में चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।
ऑपरेशन मुस्कान और गुमशुदा अभियान में बड़ी सफलता
ऑपरेशन मुस्कान के तहत डोर-टू-डोर अभियान चलाकर 95 प्रतिशत नाबालिगों की सुरक्षित दस्तयाबी की गई। वहीं नवंबर 2025 में गुमशुदा महिला-पुरुषों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 150 गुम इंसानों को उनके परिजनों से मिलाया गया। उल्लेखनीय रूप से वर्ष 2008 से लापता एक नाबालिग बालिका को लगभग 17 वर्ष 6 माह बाद दस्तयाब किया गया।
महिला सुरक्षा और यातायात में सुधार
महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सड़क दुर्घटनाओं में भी वर्ष 2023 की तुलना में 12 प्रतिशत और 2024 की तुलना में 16 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
आदतन अपराधियों पर सख्ती
आपराधिक गतिविधियों में लिप्त 55 आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर के प्रस्ताव भेजे गए, जबकि 2 आदतन अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई। लंबे समय से फरार गैर मियादी वारंटियों की धरपकड़ करते हुए गिरफ्तारी वारंटों में 92 प्रतिशत और स्थायी वारंटों में 25 प्रतिशत तामिली सुनिश्चित की गई।
नशे और संगठित अपराध पर प्रहार
ड्रोन सर्वे के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की खेती का पता लगाकर 1 अफीम और 3 गांजे के खेतों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। युवाओं को नशे से बचाने के लिए 8 प्रकरणों में 17 पेडलरों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा चैन स्नेचिंग गिरोह को पकड़कर 3 घटनाओं में लूटी गई 3 सोने की चेन जब्त की गईं तथा 4 अंतर्राज्यीय नकबजन गिरोहों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया गया।
पुलिस की दृश्यता और जनसहयोग
अपराधों में कमी लाने के उद्देश्य से 28 स्थानों पर प्रतिदिन शाम 5 से 11 बजे तक फिक्स प्वाइंट लगाए गए। ऑपरेशन “नीमच आई” के तहत जनसहयोग से जिले में 2016 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, जिससे अपराधों की रोकथाम और जांच में मदद मिली।
जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्टता
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। वर्ष 2025 में नीमच जिला सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल रहा।