ताजासमाचार

नीमच: सृजन अभियान से 200 बच्चों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह पर प्रेरित

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस, जनसाहस एवं उड़ान संस्थाओं की संयुक्त पहल से बुधवार को स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में “सृजन किशोर-किशोरी सशक्तिकरण सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा से वंचित, ड्रॉप-आउट और कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चों को मुख्यधारा में वापस जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जिले भर की विभिन्न संस्थाओं ने सहभागिता करते हुए बच्चों को प्रेरक संदेश दिए। करीब 200 बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमाल मगरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बच्चों से संवाद कर शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित सृजन अभियान के अंतर्गत यह 18 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका लक्ष्य उन बच्चों की पहचान करना है, जिन्होंने गरीबी, अज्ञानता या अन्य कारणों से स्कूल छोड़ दिया है। इस अभियान के माध्यम से उन्हें पुनः स्कूलों में दाखिला दिलाने, पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
सिसोदिया ने आगे बताया कि यह अभियान 31 दिसंबर से 17 जनवरी तक चलेगा, जिसमें बच्चों के लिए आउटडोर एवं इनडोर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्य, सामाजिक जिम्मेदारी, कानून की जानकारी और जीवन कौशल से भी अवगत कराया जाएगा। अभियान के तहत जिले में 200 बच्चों को लक्ष्य बनाकर उनके शैक्षणिक पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और संस्थाओं ने विश्वास जताया कि सृजन अभियान बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Post