डेस्क न्यूज
31 December, 2025
अन्य
नीमच। वर्ष 2025 में अपराधों की रोकथाम और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए नीमच पुलिस द्वारा चलाए गए कॉम्बिंग गश्त अभियान ने जिले में कानून-व्यवस्था को नई मजबूती दी है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में पूरे वर्ष अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 15 विशेष कॉम्बिंग गश्त आयोजित की गईं, जिनके दौरान बड़ी संख्या में फरार, इनामी और आदतन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
इन कॉम्बिंग गश्तों के दौरान नीमच पुलिस ने कुल 1659 वारंट तामील किए, जिनमें 526 स्थायी, 11 फरारी और 1122 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इसके साथ ही 1 लाख 92 हजार रुपये के कुल 72 इनामी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी से अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
नशे के खिलाफ भी नीमच पुलिस की कार्रवाई बेहद सख्त रही। वर्ष 2025 की कॉम्बिंग गश्त के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2984.950 किलोग्राम डोडाचूरा और 3.460 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 181 प्रकरण दर्ज कर 1107 लीटर से अधिक देशी कच्ची शराब और नकद राशि भी जब्त की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले में 1135 गुंडे एवं निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई, वहीं महिला अपराधों से जुड़े 47 आदतन आरोपियों की विशेष निगरानी की गई। शरीर संबंधी अपराधों के 755 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 283 मामलों में भी आरोपियों के विरुद्ध वारंट तामील की गई।
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए होटल, लॉज और ढाबों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। वर्ष 2025 में 893 होटल, लॉज एवं ढाबों की चेकिंग की गई। इसके साथ ही वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 509 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट में कार्रवाई कर 2 लाख 20 हजार रुपये से अधिक का शमन शुल्क वसूला गया।
शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत 20 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 18 छुर्रे, एक तलवार और एक देशी कट्टा मय जिंदा राउंड जब्त किया गया। जुआ अधिनियम के 14 प्रकरणों में 18,970 रुपये तथा सट्टा अधिनियम के 32 प्रकरणों में 85,800 रुपये जब्त किए गए। गंभीर विवेचना में लंबित मामलों में 23 आरोपियों और धारा 173(8) दंप्रसं के तहत 17 वांछित आरोपियों की भी गिरफ्तारी की गई।
यह समस्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक नीमच, एसडीओपी जावद एवं मनासा के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में की गई।
नीमच पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन से अपील की गई है कि जिले में फरार आरोपियों, असामाजिक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा आरोपी पर घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी। पुलिस द्वारा इस तरह की सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।