ताजासमाचार

नीमच बना नशा तस्करों का कब्रिस्तान!, 149 केस, 196 क्विंटल ज़हर ज़ब्त, 31 करोड़ से ज्यादा का काला कारोबार ध्वस्त

न्यूज डेस्क 30 December, 2025 अपराध

नीमच। मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही जंग में नीमच पुलिस ने ऐसा प्रहार किया है, जिसने मादक पदार्थ तस्करों की कमर तोड़ दी है। वर्ष 2025 में नीमच पुलिस ने अवैध नशे के नेटवर्क पर बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए 149 प्रकरणों में करीब 31 करोड़ 78 लाख रुपये मूल्य का 196 क्विंटल मादक पदार्थ जब्त किया है। इस दौरान 346 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए गए सघन अभियान का नतीजा है।

ड्रोन से खेतों तक, मुखबिरों से नेटवर्क तक—हर मोर्चे पर वार

नीमच पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी ही नहीं की, बल्कि ड्रोन तकनीक और मजबूत मुखबिर तंत्र के जरिए अवैध अफीम और गांजे की खेती तक को निशाने पर लिया। खेतों में उगाए जा रहे नशे को जड़ से खत्म करने के लिए सर्चिंग अभियान चलाया गया।

डोडाचुरा तस्करी पर सबसे बड़ा प्रहार

वर्ष 2025 में डोडाचुरा के 121 प्रकरणों में पुलिस ने
181 क्विंटल 63 किलो डोडाचुरा, कीमत करीब 27 करोड़ 24 लाख 62 हजार रुपये, 296 आरोपियों की गिरफ्तारी
कर नशे के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया।

अफीम, गांजा, स्मैक और एमडी—कोई नहीं बचा

अफीम: 14 प्रकरण, 29.371 किलो अवैध अफीम, 25 आरोपी गिरफ्तार
गांजा: 6 प्रकरण, 1134 किलो गांजा, 8 आरोपी गिरफ्तार

स्मैक व एमडी: 8 प्रकरण, 277.75 ग्राम स्मैक व 284.12 ग्राम एमडी, 17 आरोपी गिरफ्तार

ड्रोन से खुली गांजे की खेती, हजारों पौधे नष्ट

दिसंबर 2025 में थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र में ड्रोन सर्चिंग के दौरान गांजे की अवैध खेती का बड़ा खुलासा हुआ।

33 हजार गांजे के हरे पौधे
वजन 7.64 क्विंटल, कीमत करीब 28 लाख रुपये
तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश
भू-स्वामियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

तस्करों की कमाई पर भी चला बुलडोजर

नीमच पुलिस ने केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए—
05 तस्करों पर PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कर
06 तस्करों की 8 करोड़ 56 लाख रुपये की संपत्ति को SAFEMA एक्ट के तहत सीज किया

नामी तस्कर भी गिरफ्त में

लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात तस्कर
शौकीन धाकड़, रतनलाल उर्फ कान्हा माली, राकेश बलाई, जमनालाल धाकड़ और तुफान बंजारा
को भी नीमच पुलिस ने गिरफ्तार कर यह साफ संदेश दिया कि अब कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

स्पष्ट संदेश: नशे का धंधा नहीं चलेगा

नीमच पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि जिले में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं। वर्ष 2024 के बाद 2025 में भी पुलिस का यह आक्रामक रुख बताता है कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई आगे भी उतनी ही सख्ती से जारी रहेगी।

Related Post