ताजासमाचार

BREAKING :- नीमच में गरजा प्रशासन का बुलडोज़र : खेत नंबर 5 में  वर्षों पुराना अवैध कब्ज़ा ध्वस्त

तबरेज़ अगवान 30 December, 2025 अन्य

नीमच। आखिरकार वह हुआ, जिसका शहर को लंबे समय से इंतज़ार था। अंबेडकर कॉलोनी स्थित खेत नंबर 5 पर वर्षों से पसरे अवैध कब्जे पर मंगलवार को प्रशासन का बुलडोजर चला और अतिक्रमण की दीवारें जमींदोज़ हो गईं। शासकीय भूमि पर गुपचुप तरीके से जड़ें जमा चुके कब्जेदारों को प्रशासन ने साफ संदेश दे दिया—अब कानून से खेल नहीं चलेगा।

संयुक्त कार्रवाई में प्रशासन पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरा। एसडीएम संजीव साहू के नेतृत्व में नगरपालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, तहसीलदार संजय मालवीय, केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी भारी पुलिस बल और नगर पालिका अमले ने मौके पर पहुंचकर करीब 5 हजार वर्ग मीटर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अवैध अतिक्रमण मुक्त करवाई गई ज़मीन की कीमत चार करोड़ अस्सी लाख रूपए आंकी गई है। 

वर्षों से अवैध कब्जे के साए में दबी जमीन को दोबारा नगरपालिका के अधिकार में ले लिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन की सख्ती और तैयारी देखकर साफ था कि इस बार कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। मशीनें चलीं, कब्जे हटे और अवैध निर्माण देखते ही देखते इतिहास बन गए।

कार्रवाई के बाद सीएमओ दुर्गा बामनिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा। शहर में 5 से 6 अन्य स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां जल्द ही इसी तरह की कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं है।

Related Post