ताजासमाचार

नीमच में आवारा कुत्तों की दहशत, रोजाना बढ़ रहे काटने के मामले, नगर पालिका की कार्यप्रणाली कटघरे में

न्यूज डेस्क 29 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर इन दिनों एक गंभीर और विकराल समस्या से जूझ रहा है। नीमच शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन में भय का माहौल है। प्रतिदिन कुत्ता काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, खासतौर पर नीमच सिटी, कैंट क्षेत्र और बघाना इलाके में स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

पिछले कई दिनों से सब्जी मंडी स्थित हाट मैदान क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते द्वारा दर्जनों लोगों को काटकर घायल करने की घटनाएं सामने आईं। नागरिकों की शिकायत के बाद नगर पालिका की कुत्ता पकड़ने वाली टीम मौके पर पहुंची और उक्त कुत्ते को पकड़कर ले जाने की कार्रवाई की गई। हालांकि, आरोप है कि मात्र तीन दिन बाद वही कुत्ता दोबारा उसी क्षेत्र में लौट आया, जिससे नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार 29 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 4 बजे उसी कुत्ते ने एक गरीब मजदूर को दोबारा काट लिया। कुत्ते के काटने से मजदूर के पैर की नस कट गई, जिससे मौके पर काफी खून फैल गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

शहरवासियों का कहना है कि नीमच में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जहां पहले इनकी संख्या दर्जनों में थी, वहीं अब सैकड़ों में पहुंच चुकी है। नगर पालिका द्वारा चलाया गया कुत्तों का नसबंदी अभियान पूरी तरह असफल होता नजर आ रहा है। स्थिति यह है कि नगर पालिका परिसर में ही कुत्तियों द्वारा बच्चों को जन्म देने की घटनाएं सामने आई हैं।

लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले में नगर पालिका की लापरवाही और अव्यवस्था के साथ-साथ कुत्ता प्रेमियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आमजन का कहना है कि इंसानी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, विशेषकर जब छोटे-छोटे मासूम बच्चे और बुजुर्ग लगातार खतरे में हैं।

शहरवासियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सख्त और प्रभावी अभियान चलाया जाए, नसबंदी और टीकाकरण की व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए तथा कुत्ता पकड़ने वाली एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच की जाए।

Related Post