ताजासमाचार

नीमच में भाजपा नेता पर गौ- तस्करी के आरोप, मृत पशु के निपटारे की आड़ में पशु अवशेष की तस्करी का दावा : वाल्मीकि समाज ने ठेका निरस्त करने की उठाई मांग

डेस्क न्यूज 29 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच की सड़कों पर सनसनी फैल गई है। मृत पशु निस्तारण के नाम पर समाज की प्रतिष्ठा पर दाग लगाने और गौ तस्करी के गंभीर आरोपों ने भाजपा नेता जिशान कुरैशी को घेर लिया है। वाल्मीकि समाज ने प्रशासन के सामने कड़ा रुख अपनाया है और ठेका रद्द करने की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि वाल्मीकि समाज हिंदू समाज का अभिन्न हिस्सा है और गौमाता के प्रति आस्था की मिसाल है। समाज का काम केवल मृत पशु को शासन द्वारा निर्धारित स्थान पर विधिवत निस्तारित करना है, लेकिन कुछ ठेकेदार और असामाजिक तत्व अपने निजी स्वार्थ के लिए पूरे समाज को बदनाम करने में लगे हैं।

सख्त कार्रवाई की मांग, आरोपों में नामजद
समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए इरफान कुरैशी, जिशान पिता इरफान कुरैशी, कादर पिता इब्राहिम और शहीद पिता शकुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। बताया गया कि ये लोग रामनगर और चीताखेड़ा में लंबे समय से कथित अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं।
समाज ने आरोप लगाया कि पूर्व में कार्रवाई होने के बावजूद इन्हें दोबारा ठेका दिया गया, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाज ने कहा कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।

 भाजपा नेता जिशान कुरैशी पर गौ तस्करी के संगीन आरोप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देशों के बावजूद नीमच में भाजपा नेता जिशान कुरैशी का नाम बार-बार गौ तस्करी के मामलों में सामने आ रहा है। आरोप है कि रामनगर क्षेत्र में मृत पशु निस्तारण की आड़ में गौ तस्करी की जा रही है।
हिंदू संगठनों ने भी कई बार जिशान कुरैशी की पिकअप पकड़ी लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मुख्यमंत्री के आदेशों की नीमच में खुली अवहेलना
मुख्यमंत्री के आदेश स्पष्ट हैं कि गौमाता के शव के साथ किसी भी तरह की चीर-फाड़ न की जाए और उनका सम्मानपूर्वक दफन किया जाए। इसके बावजूद नीमच नगर पालिका द्वारा मृत पशु निस्तारण का ठेका ऐसे लोगों को दिया गया, जिन पर पहले भी गंभीर आरोप लगे थे।

अवैध गुमटियों के मामले में भी संलिप्तता
जिशान कुरैशी पर गौ तस्करी के अलावा अवैध गुमटियों के जरिए कब्जा जमाने के आरोप भी हैं। आरोप है कि प्रभावशाली नेताओं— विधायक दिलीप सिंह परिहार, सांसद सुधीर गुप्ता और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा—के नाम का हवाला देकर अवैध गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
इधर वाल्मीकि समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं हुई तो शहर का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो सकता है।

जिशान कुरैशी का जवाब: “मुझे बदनाम किया जा रहा है
गौ तस्करी के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा नेता जिशान कुरैशी ने कहा कि उन्हें जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृत पशु निस्तारण का ठेका उनके अंकल के नाम पर है और वे केवल ट्रांसपोर्ट का कार्य देखते हैं।
जिशान ने दावा किया कि उनका ट्रक पूरी तरह वैध है और सभी कार्य नियमों के अनुसार किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में सच्चाई को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।

Related Post