डेस्क न्यूज
27 December, 2025
अन्य
नीमच। सांदीपनि विद्यालय, नीमच केंट में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित भव्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नृत्य, गीत, नाट्य और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। सभी विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मंच संभाला और दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य के. एस. जैन ने बताया कि सीएम राइज स्कूल, जिसे अब सांदीपनि विद्यालय के नाम से जाना जाता है, की स्थापना 2022 में हुई थी। बहुत कम समय में ही विद्यालय ने शिक्षा के गुणात्मक विकास और पाठ्येतर गतिविधियों में प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। इसी उपलब्धि के चलते मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने इस विद्यालय को “लाइट हाउस विद्यालय” के रूप में मान्यता दी है।
प्राचार्य जैन ने आगे बताया कि विद्यालय शासन की मंशानुरूप 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम, आधुनिक शिक्षण पद्धतियाँ और भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का बीजारोपण सुनिश्चित करता है। इस प्रयास का परिणाम बच्चों के सर्वांगीण विकास में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, जिसे अभिभावक समय-समय पर सराहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की खुले दिल से प्रशंसा की। बच्चों के आत्मविश्वास, मंच संचालन और कलात्मक अभिव्यक्ति ने यह साबित कर दिया कि विद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम का सफल संचालन मंजुला धीर और सोनम शर्मा ने किया, जबकि उपप्राचार्य महेश शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।