ताजासमाचार

नीमच में अग्रवाल समाज का दो दिवसीय अखिल भारतीय युवक-युवती वैवाहिक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

डेस्क न्यूज 27 December, 2025 अन्य

नीमच। अग्रवाल समाज के युवक-युवतियों के वैवाहिक संबंधों को सशक्त, पारदर्शी और सम्मानजनक स्वरूप देने के उद्देश्य से श्री अग्रवाल पंचायत समिति बघाना एवं अग्रवाल ग्रुप नीमच के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय अखिल भारतीय युवक-युवती वैवाहिक परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह सम्मेलन 27 व 28 दिसंबर को सेठ गिरधारीलाल गर्ग अग्रसेन हायर सेकेंडरी स्कूल, बघाना में आयोजित हुआ, जिसे लेकर नीमच सहित देशभर के अग्रवाल समाज में उत्साह और सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों श्री अग्रवाल पंचायत समिति बघाना के अध्यक्ष कमल गर्ग, सचिव गोपाल गर्ग (जीजी), अग्रवाल ग्रुप नीमच के अध्यक्ष रितेश गोयल (विक्की) एवं सचिव तरुण गर्ग ने संयुक्त रूप से बताया कि सम्मेलन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से विवाह योग्य युवक-युवतियों की 1500 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जो समाज के इस सुव्यवस्थित और विश्वसनीय आयोजन पर गहरे विश्वास को दर्शाती हैं। सम्मेलन के दौरान युवक-युवतियों द्वारा मंच से स्वयं परिचय देने की व्यवस्था रही, जिससे परिवारों को एक ही स्थान पर विस्तृत और पारदर्शी जानकारी प्राप्त हुई। यह प्रक्रिया पारंपरिक प्रयासों की तुलना में अधिक सरल, समय-सार्थक और सम्मानजनक साबित हुई, जिससे कई परिवारों के बीच वैवाहिक समन्वय स्थापित हुआ। दो दिवसीय आयोजन में देश के कोने-कोने से अग्रबंधु, सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए और बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति के कारण यह सम्मेलन सामाजिक महाकुंभ के रूप में नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ 26 दिसंबर को सायं 4 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं मर्यादित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवास, भोजन, मंच व्यवस्था, पंजीयन, अनुशासन और मार्गदर्शन सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया, जिनकी व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। सम्मेलन के दौरान कई परिवारों को योग्य वर-वधु मिले, जिससे समाज में हर्ष और संतोष का वातावरण बना रहा।

Related Post