ताजासमाचार

अभ्युदय नीमच : औद्योगिक विस्तार से बदली जिले की तस्वीर, 7,100 करोड़ से अधिक का निवेश और 5,700 से ज्यादा रोजगार

डेस्क न्यूज 25 December, 2025 अन्य

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी, उद्योग–मैत्री और रोजगार–केंद्रित विजन के चलते मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और सुदृढ़ आधारभूत संरचना का सकारात्मक प्रभाव अब नीमच जिले में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। “अभ्युदय नीमच” के संकल्प के साथ जिला औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नीमच जिले में वर्तमान में 261 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित चार औद्योगिक पार्क संचालित हैं। इन औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित और प्रस्तावित इकाइयों के माध्यम से अब तक 7,104 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्राप्त हुआ है, जिससे 5,729 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। यह उपलब्धि जिले के औद्योगिक इतिहास में एक बड़ा और निर्णायक मोड़ मानी जा रही है। बीते दो वर्षों में जिले में 70 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होना, निवेशकों के बढ़ते भरोसे और अनुकूल निवेश वातावरण का प्रमाण है।

जिले के प्रमुख औद्योगिक पार्कों में झांझरवाड़ा और चीताखेड़ा शामिल हैं। इसके साथ ही अविकसित भूमि उपलब्ध कराकर सनलाइट अल्कोलाइट जैसी बड़ी औद्योगिक इकाई को नीमच लाया गया, जिसने 155 करोड़ रुपये के निवेश से 300 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान किया है। वहीं मोरवन क्षेत्र में सुविधि रेयॉन्स को भूमि आवंटन किया गया है, जहां 329.63 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इससे 1,500 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

प्रमुख निवेश और रोजगार सृजन
नीमच जिले में नवीकरणीय ऊर्जा, बायो-सीएनजी, सीमेंट, टेक्सटाइल, एथेनॉल और केमिकल जैसे विविध क्षेत्रों में उद्योग स्थापित हो रहे हैं। डिटर्माइंड इंडिया रिन्यूएबल एनर्जी द्वारा 425 करोड़ रुपये का निवेश कर 250 रोजगार, बिग सी रिन्यूएबल एनर्जी और शार्ग केमिकल्स द्वारा बायो-सीएनजी क्षेत्र में 61-61 करोड़ रुपये के निवेश से 150-150 रोजगार, सोनियाना टेक्सटाइल द्वारा 95 करोड़ रुपये के निवेश से 380 रोजगार, गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट प्रा.लि. द्वारा 3,156 करोड़ रुपये के निवेश से 325 रोजगार, विश्वेश्वरा डेनिम प्रा.लि. द्वारा 110 करोड़ रुपये के निवेश से 309 रोजगार, धनुका बायोटेक द्वारा 239.04 करोड़ रुपये के निवेश से 150 रोजगार, नंदीराज एग्रो द्वारा 151.95 करोड़ रुपये के निवेश से 1,190 रोजगार, ओसवाल एथेनॉल द्वारा 129.59 करोड़ रुपये के निवेश से 345 रोजगार तथा मल्टीवर्स बायोफ्यूल लिमिटेड द्वारा 365 करोड़ रुपये के निवेश से 222 रोजगार सृजित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त गोल्डक्रेस्ट प्रा.लि. को अतिरिक्त भूमि आवंटन के साथ भी बड़ा निवेश प्राप्त हुआ है।

औद्योगिक विकास की निरंतरता को दर्शाते हुए जिले में वर्तमान में तीन औद्योगिक इकाइयों के लोकार्पण, भूमिपूजन और एलओआई प्रस्तावित हैं, जिनसे 612.18 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश और 882 नए रोजगार सृजित होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उज्जैन को एमपीआईडीसी का क्षेत्रीय कार्यालय बनाए जाने और प्रदेश के प्रत्येक जिले में निवेश प्रोत्साहन केंद्र स्थापित किए जाने से उद्योगों को बड़ी सुविधा मिली है। निवेशकों को अब भूमि आवंटन, परियोजना स्वीकृति, विभागीय अनुमतियां, नीति मार्गदर्शन और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक ही मंच उपलब्ध हो रहा है, जिससे उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तेज हुई है और समय में उल्लेखनीय कमी आई है।

एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौड़ के अनुसार औद्योगिक पार्कों के विस्तार, बड़े निवेश और व्यापक रोजगार सृजन के माध्यम से नीमच जिला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आने वाले समय में नीमच जिला औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

Related Post