ताजासमाचार

अब खेतों में उगेगा गुड़! सीएम के बयान पर कांग्रेस का तंज— ‘गुड़ के बीज दो, गुड़ रोपण अधिकारी नियुक्त करो’

तबरेज़ अगवान 25 December, 2025 राजनीति

नीमच। मुख्यमंत्री मोहन यादव के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में ऐसी मिठास घोल दी कि अब गन्ना नहीं, सीधे गुड़ उगाने की खेती चर्चा में है। बैतूल में दिए गए मुख्यमंत्री के बयान के बाद विपक्षी कांग्रेस ने इसे हाथोंहाथ लिया और नीमच में व्यंग्य से भरा एक मसालेदार ज्ञापन एसडीएम संजीव साहू को सौंप दिया।

कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मांग की है कि यदि अब प्रदेश में “गुड़ की खेती” होने जा रही है, तो किसानों को जल्द से जल्द उच्च गुणवत्ता वाले “गुड़ के बीज” उपलब्ध कराए जाएं और जिले में एक “गुड़ रोपण अधिकारी” की तत्काल नियुक्ति की जाए।

ज्ञापन में कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए लिखा कि—

“अब तक किसान बेवजह गन्ना बोते रहे, उसे काटा, ढोया और घंटों कड़ाहे में जलाकर गुड़ बनाते रहे। लेकिन मुख्यमंत्री की इस क्रांतिकारी घोषणा से अब सीधे खेतों में गुड़ उगेगा, यह जानकर किसान गदगद हैं।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने तंज कसते हुए मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा— एक बीघे में 50 क्विंटल गेहूं उत्पादन— का भी जिक्र किया और कहा कि अब तो “गुड़ की खेती” से प्रदेश के किसान दुनिया में नया रिकॉर्ड बना देंगे।

ज्ञापन में खाद संकट पर भी चुटकी ली गई।

कहा गया कि—
“जब खेतों में गुड़ उगेगा तो किसान को यूरिया की जरूरत ही नहीं पड़ेगी, और न ही ब्लैक में खाद खरीदनी होगी।”
कांग्रेस नेताओं ने अंत में उम्मीद जताई कि नीमच जिला प्रशासन जल्द ही किसानों को गुड़ के बीज के पैकेट वितरित करेगा, ताकि नीमच गुड़ उत्पादन की विश्व राजधानी बन सके।
अब सवाल यह भी है कि
यह ज्ञापन सरकार गंभीरता से लेगी या इसे भी राजनीति की “मिठास भरी चाशनी” में डुबोकर नजरअंदाज कर दिया जाएगा?
फिलहाल गुड़ की खेती पर सियासत जरूर गर्मा गई है, और बयान ने राजनीतिक गलियारों में मीठी खलबली मचा दी है।

Related Post