डेस्क न्यूज
24 December, 2025
अन्य
नीमच। आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष एवं सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल ने बुधवार को नीमच स्थित डाक बंगले में आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में असफल साबित हुई है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाएं बदहाली का शिकार हैं, जिसके चलते आम लोगों को निजी संस्थानों पर निर्भर होना पड़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली उपभोक्ताओं से जबरन वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि खाद और यूरिया के लिए किसानों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है, फिर भी समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
युवाओं के मुद्दे पर रानी अग्रवाल ने कहा कि रोजगार देने के बजाय सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठियां चलवा रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी द्वारा राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सहित अन्य राज्यों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और महिला सुरक्षा के सफल मॉडल को मध्यप्रदेश में लागू करने के उद्देश्य से “मध्यप्रदेश जोड़ो अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक प्रदेशभर में 500 से अधिक जनसभाएं आयोजित की जा चुकी हैं और जनता का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है।
रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के 23 वर्षों के कुशासन से तंग आ चुकी है और अब एक ईमानदार, जवाबदेह एवं जनहितैषी सरकार चाहती है।
पत्रकार वार्ता को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवीन अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि रानी अग्रवाल पूर्व में भाजपा से जुड़ी रहीं और विभिन्न पदों पर कार्य कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें कार्य करने की स्वतंत्रता नहीं मिलने के कारण उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वर्तमान में वे सिंगरौली की महापौर के रूप में कार्यरत हैं।