डेस्क न्यूज
23 December, 2025
अन्य
नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को नीमच में जिला स्तरीय जन सुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 20 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराते हुए उन्हें बंद कराया गया। साथ ही जिला स्तरीय जन सुनवाई में उपस्थित लगभग 42 फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और संबंधित थाना प्रभारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए।
जन सुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मुद्दों सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी मामलों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा राजपत्रित अधिकारियों एवं समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सीएम हेल्पलाइन एवं जन शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा एवं उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, संबंधित शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।