ताजासमाचार

शैतान बस्ती से महिला व तीन वर्षीय बच्ची लापता, पति ने सहकर्मी पर जताया संदेह

न्यूज डेस्क 22 December, 2025 अपराध

नीमच। नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाटखेड़ी की रहने वाली एक महिला अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ शैतान बस्ती, नीमच से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इस मामले में पीड़ित पति ने नीमच सिटी थाना पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपने सहकर्मी पर गंभीर संदेह जताया है।

संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई महिला और बच्ची

धीरज राव, जो मूलतः वार्ड नंबर 20, मोहल्ला नई आबादी, ग्राम भाटखेड़ी के निवासी हैं, ने बताया कि वह पत्नी शानू और दो बेटियों के साथ शैतान बस्ती में रहकर मजदूरी का काम करता है। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को करीब साढ़े चार बजे मजदूरी से लौटने पर पत्नी और छोटी बेटी अक्षरा (3 वर्ष) घर पर नहीं थीं।
आस-पास के रिश्तेदारों और परिचितों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 13 दिसंबर को नीमच सिटी थाना में महिला और बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पति का आरोप: सहकर्मी का हाथ

धीरज ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले उसकी पहचान कवरलाल बागरी (भोलियाबास निवासी) से हुई थी, जो उनके साथ मजदूरी करता है। उनके अनुसार, कवरलाल अक्सर उनकी गैरहाजरी में घर आता-जाता रहता था, जिससे उन्हें पत्नी से अवैध संबंध होने का शक हुआ।


धीरज ने आरोप लगाया कि कवरलाल ही उनकी पत्नी और बच्ची को भगा ले गया है। उन्होंने यह भी बताया कि शानू ने घर में रखे लगभग 60 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात और मैरिज सर्टिफिकेट साथ ले गई। महिला ने मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया, लेकिन सिम निकालकर ले गई और सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स भी डिलीट कर दिए।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजन भी अपने स्तर पर महिला और बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं।

Related Post