ताजासमाचार

विश्व ध्यान दिवस पर नीमच पुलिस ने रचा अनुकरणीय उदाहरण | मानसिक सशक्तिकरण हेतु जिले की सभी पुलिस इकाइयों में हुआ सामूहिक ध्यान कार्यक्रम

न्यूज डेस्क 21 December, 2025 अन्य

नीमच। विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर नीमच जिले में पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक प्रेरणादायी पहल की गई। मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 19 से 21 दिसंबर 2025 तक जिले की सभी पुलिस इकाइयों में “तनावमुक्ति एवं ध्यान केंद्र – हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान” अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर ध्यान योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में 19 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में तीन दिवसीय ध्यान योग कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिले की समस्त पुलिस इकाइयों में हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ध्यान योग के महत्व, लाभ तथा तनावमुक्त जीवनशैली के व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराया गया।

विश्व ध्यान दिवस पर सामूहिक ध्यान
दिनांक 21 दिसंबर 2025, विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर जिले के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस इकाइयों में पुलिस बल के मानसिक सशक्तिकरण, तनावमुक्ति एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के विकास हेतु सामूहिक ध्यान कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश के सभी जिलों एवं थानों से पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी एक साथ जुड़े।

इस अवसर पर हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान सत्र का प्रभावी एवं प्रेरणादायी संचालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें ध्यान को विश्व शांति एवं आत्मिक उन्नति का महाअभियान बताते हुए प्रत्येक रविवार सभी थानों में नियमित ध्यान कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता में वृद्धि, सकारात्मक सोच का विकास तथा कर्तव्य निर्वहन में एकाग्रता एवं अनुशासन को और अधिक मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ इस प्रेरणादायी आयोजन का गरिमामय समापन किया गया।

Related Post