ताजासमाचार

व्यापारी संघ चुनाव की घोषणा, 4 जनवरी 2026 को होगा नई कार्यकारिणी का गठन

डेस्क न्यूज 21 December, 2025 अन्य

नीमच | व्यापारी संघ की नवीन कार्यकारिणी के गठन हेतु चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह चुनाव दिनांक 04 जनवरी 2026, रविवार को संपन्न होगा। चुनाव के माध्यम से एक अध्यक्ष एवं दस कार्यकारिणी सदस्यों का चयन किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र दिनांक 22 दिसंबर 2025 एवं 23 दिसंबर 2025 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक व्यापारी संघ कार्यालय, पुरानी मंडी प्रांगण में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 23 दिसंबर 2025 को ही की जाएगी तथा उसी दिन शाम 6:00 बजे तक वैध नामांकन पत्रों की सूची व्यापारी संघ के सूचना बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी।

प्रतिभागी दिनांक 24 दिसंबर 2025 को शाम 5:00 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात शेष रहे उम्मीदवारों की अंतिम सूची उसी दिन व्यापारी संघ कार्यालय के सूचना बोर्ड पर प्रकाशित कर दी जाएगी। यदि आवश्यकता हुई तो मतदान 04 जनवरी 2026 को प्रातः 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कराया जाएगा।

चुनाव नियमों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदाता को एक तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए अधिकतम 10 उम्मीदवारों को मतदान करना अनिवार्य होगा। इससे कम या अधिक मतदान करने पर मतपत्र निरस्त माना जाएगा। मतपत्र में उम्मीदवार के नाम के आगे निर्धारित रिक्त स्थान पर ही मोहर लगानी होगी, अन्यथा मतपत्र अमान्य घोषित किया जाएगा।

प्रत्येक मतदाता को मतदान के समय पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा। चुनाव, मतगणना एवं मतपत्र से संबंधित किसी भी विवाद की स्थिति में निर्वाचन अधिकारी का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। प्रत्येक मतपत्र पर निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर होंगे।

मतदान प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय रहेगी। मतपत्र पर किसी भी प्रकार की पहचान चिन्ह या अतिरिक्त मार्किंग पाए जाने पर मतपत्र निरस्त कर दिया जाएगा। व्यापारी संघ ने सभी पात्र सदस्यों से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Related Post